पंचायत हुई पर रिश्ता न जुड़ सका। लड़की अनूपशहर की थी और लड़का संभल का। दोनों के परिजनों ने बड़ी उम्मीदों से रिश्ता तय किया था। सगाई के बाद बारात की तैयारियां शुरू हो गईं थीं। शादी वसंत पंचमी को होनी थी। संभल के प्रसिद्ध मैरिज हाल में व्यवस्था की गई। इसके बाद दोनों पक्ष अपनी अपनी तैयारी में लगे थे।
सोमवार को सुबह अचानक अनूपशहर की लड़की ने संभल में उस लड़के को फोन कॉल की जिससे उसका रिश्ता तय हुआ था। लड़की ने कहा कि सगाई भले ही हो गई हो पर वह शादी नहीं करेगी। इस कॉल के बारे में लड़के ने अपने माता पिता को जानकारी दी। रिश्तेदारों को बताया। इसके बाद रिश्ता तय होने मेें में बिचौलिया बने लोगों तक बात हुई। दोनों पक्षों के कुछ समझदार लोगों ने मंगलवार को दिन में रिश्ता जुड़वाने के लिए मशक्कत की लेकिन जब सफलता हाथ नहीं लगी तो लड़के वालों ने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से आनन-फानन दूसरी लड़की से शादी करने का निर्णय लिया।
लड़के वालों ने अपने रिश्तेदारों के माध्यम से मंगलवार को दोपहर बाद मुरादाबाद की एक लड़की देखी गई और उनके परिजनों को राजी किया गया। इसके बाद बुधवार को वसंत पंचमी के दिन शुभ मुहूर्त पर मुरादाबाद से लड़की वाले संभल आए। शादी हुई। इस बीच सगाई में जो लेनदेन हुआ उसे वापस किया गया। जबकि लड़की वालों का कहना था कि ज्यादा दहेज मांगे जाने पर रिश्ता टूटा है।
लेकिन यह पूरा मामला संभल में इसलिए चर्चा का विषय बना हुआ है कि चौबीस घंटे में अनूपशहर से रिश्ता टूटा और मुरादाबाद से जुड़ गया।