चंदौसी। मंडी समिति रेलवे फाटक के पास बन रहे ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर एक या दो दिन में 36-बी रेलवे फाटक को पूरी तरीके से बंद कर दिया जाएगा। इस रेलवे फाटक पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। यह बंदी सुरक्षा कारणों से अनिश्चितकाल के लिए लागू रहेगी। यह फैसला 13 दिसंबर को रेलवे और प्रशासन की संयुक्त जांच के बाद लिया गया।
स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान क्रॉसिंग 36-बी से गुजरने वाले सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। इसके लिए फाटक के पास मजबूत बैरिकेड लगाए जाएंगे, ताकि कोई वाहन या राहगीर वहां से न गुजर सके। लोगों को जानकारी देने के लिए दोनों तरफ चेतावनी बोर्ड भी लगाए जाएंगे। बताया कि ओवरब्रिज की नींव से जुड़ा काम होने के कारण कुछ समय के लिए रेलवे फाटक के गेट से जुड़े हिस्सों को हटाया जाएगा।
इस दौरान इस क्रॉसिंग से किसी भी तरह का सड़क यातायात नहीं चल सकेगा और यहां से कोई अस्थायी रास्ता भी उपलब्ध नहीं रहेगा। वाहनों के लिए वैकल्पिक रूप से कब्रिस्तान रेलवे फाटक और बाइपास मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा। हालांकि ट्रेनों की आवाजाही पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा और रेल संचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि सोमवार या फिर मंगलवार से 35 बी रेलवे फाटक को पूरी तरीके से अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। संवाद