एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के सेमर टोला नई बस्ती निवासी सचिन कुमार (28) गन्ने के रस का ठेला लगाता है। उसका पंचशील कॉलोनी निवासी युवती से प्रेम प्रसंग था। 26 वर्षीय युवती बीए-बीएड की डिग्री के बाद टीईटी की तैयारी कर रही थी। सजातीय होते हुए भी दोनों के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। युवती का रिश्ता परिजनों ने कहीं और तय कर दिया था।
इस जानकारी पर सचिन ने बृहस्पतिवार दोपहर युवती को बातचीत के बहाने मौलागढ़ क्षेत्र में एक नलकूप पर बुलाया। वहां तमंचे से युवती के पेट में गोली मारी और फिर अपने पेट पर गोली चला दी। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। फायर की आवाज से लोग उधर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस को सचिन गंभीर हालत में मिला।
कुछ दूरी पर तमंचा पड़ा था। प्राथमिक उपचार बाद उसे मुरादाबाद रेफर किया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने तीन बार फायर की आवाज सुनाई देने की बात कही है। इससे लगता है कि युवक ने एक हवाई फायर भी किया था। युवती के पिता की तहरीर पर सचिन पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिला पंचायत सदस्य हैं युवती की मां
युवती के पिता किसान और मां जिला पंचायत सदस्य हैं। युवक के पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस का मानना है कि शिक्षा और रहन-सहन के स्तर की असमानता के कारण सजातीय होते हुए भी दोनों के बीच शादी की रजामंदी नहीं बन पाई होगी।