नगरपालिका प्रशासन ने शहर को जलभराव और जाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाया अभियान चलाया है। नाले पर स्लैब और स्थायी अतिक्रमण की वजह से ठीक ढंग से सफाई नहीं हो पाती है। थोड़ी सी बारिश से ही शहर में जलभराव की समस्या बन जाती है। इसी समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को ईओ मणि भूषण तिवारी के नेतृत्व में पालिका की टीम सरायतरीन के बीडी इंटर कॉलेज रोड पहुंची। मार्ग पर नाले के ऊपर लोगों ने स्लैब, सीढ़ी बनाकर अतिक्रमण किया हुआ था।
इसके अलावा टीन शेड भी डाल रखी थी। जिसे पालिका ने बुलडोजर से ध्वस्त कराना शुरू कर दिया। वहीं, पालिका की तोड़फोड़ कार्रवाई के चलते कुछ लोगों ने खुद ही अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। उधर, कुछ लोगों ने पालिका पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर मनमानी का आरोप लगाया। हालांकि, लोग विरोध करने से बचते रहे। लोगों ने कहा कि स्लैब, सीढ़ी घर तक जाने के लिए बनाई हैं। बिना स्लैब के वाहन भी घर तक नहीं पहुंच पाएंगे। ईओ मणि भूषण तिवारी ने कहा कि लाउडस्पीकर से लगातार अतिक्रमण हटाने के लिए प्रचार प्रसार किया जा रहा है। इसके बावजूद लोग अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं है। कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने तक कार्रवाई जारी रहेगी।