मदरसा बोर्ड परीक्षाओं के दौरान संभल के तीन परीक्षा केंद्रों पर फाजिल की परीक्षा चल रही थी जिसमें कई परीक्षार्थियों ने खुलेआम नकल की। परीक्षा के दौरान कुछ परीक्षार्थी एक-दूसरे की कापियां देख रहे थे। कुछ तो नकल के लिए कापियों का आदान-प्रदान कर रहे थे। परीक्षा के दौरान कई परीक्षार्थी आपस में मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे।
अब सवाल यह है कि परीक्षाओं की शुचिता कहां रही। नकल विहीन परीक्षाएं कराने के दावे कहां गए। एक और उल्लेखनीय बात यह है कि जिन कक्षों में यह सब चल रहा था वहां पर कक्ष निरीक्षक भी थे लेकिन वे चुप थे। आखिर क्यों? यह सवाल भी अहम है।
आजाद गर्ल्स इंटर कालेज में मंगलवार को दूसरी पाली की परीक्षाएं चल रही थीं। अमर उजाला की टीम दोपहर 2.45 बजे के करीब कालेज में पहुंची। एक परीक्षा कक्ष में तमाम परीक्षार्थी बिल्कुल करीब-करीब बैठे थे। एक-दूसरे की कापियों में उत्तर देख रहे थे पर जैसे ही कैमरे की फ्लैश चमकी सबके सब सतर्क हो गए। कक्ष निरीक्षक ने कहा कि कुछ देर के लिए परीक्षार्थी एक जगह एकत्र हो गए थे। इसी परीक्षा केंद्र पर दो परीक्षार्थी ऐसे थे जो गाइड लेकर खुलेआम नकल कर रहे थे। कैमरा टीम के पहुंचने पर परीक्षार्थियों ने गाइड हटाई।