संभल। कॉमन फैसिलिटी सेंटर (सीएफसी) में इटली की मशीने अक्तूबर के पहले सप्ताह में तो नहीं आ सकी हैं लेकिन इटली से खरीदकर भारत के लिए रवाना हो गई हैं। हॉर्न बोर्न क्राफ्ट एसोसिएशन के निदेशक कमल कौशल वार्ष्णेय का कहना है कि करीब पांच करोड़ की कीमत की 20 मशीनें नवंबर के पहले सप्ताह तक आने की उम्मीद है। इसके बाद सीएफसी को जल्द शुरू कराया जाएगा।
दरअसल शासन की ओर से सीएफसी के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई थी। शासन की ओर से निर्देश दिए गए थे कि अक्तूबर तक सीएफसी को संचालित किया जाए। जिससे संभल के उत्पाद को संवारा जा सके और उद्यमियों को लाभ मिल सके। जीआई टैग मिलने के बाद से शासन की ओर से भी संभल के हस्तशिल्प कारोबार पर ध्यान दिया जा रहा है।
इसी क्रम में कॉमन फैसिलिटी सेंटर की मशीनों के लिए धनराशि जारी की गई थी। क्योंकि सरायतरीन में तैयार होने वाले उत्पादों को और अधिक आकर्षक और जरूरत का बनाने के लिए अभी तक मुरादाबाद में काम कराया जाता है। सीएफसी संचालित होने से संभल के उत्पाद संभल में ही संवारे जाएंगे। इससे कारीगरों को राहत मिलेगी और उद्यमियों को लाभ होगा। इसी क्रम में सीएफसी करीब 9 करोड़ की लागत से स्थापित किया गया है। इसकी देखभाल होर्न बोर्न क्राफ्ट एसोसिएशन कर रही है।