चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी का रिश्ता तय होने पर प्रेमिका उसके घर पहुंच गई। जब परिजन निकाह कराने को तैयार नहीं हुए तो प्रेमिका शिकायत लेकर कोतवाली आ गई। मंगलवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और प्रेमी-प्रेमिका के परिजनों से निकाह कराने की सहमति दी। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। क्षेत्र के गांव में युवती का गांव के ही युवक से पिछले पांच वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवक दिल्ली में रहकर फल बेचने का काम करता है। चार दिन पहले परिजनों ने युवक का निकाह थाना बनियाठेर क्षेत्र के एक गांव से तय कर दिया था। इसकी जानकारी होने पर सोमवार को प्रेमिका अपने प्रेमी के घर जा पहुंची और प्रेमी से निकाह कराने की जिद पर अड़ गई। प्रेमी के परिजन नहीं माने ओर उसे अपने घर से भगा दिया। इसके बाद प्रेमिका मंगलवार की सुबह कोतवाली पहुंची और अपनी शिकायत से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस ने प्रेमी को दिल्ली से व दोनों के परिजनों को गांव से कोतवाली बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने उनका निकाह कराने की सहमति दी। लिखित सहमति के बाद दोनों का समझौता हो गया है। बाद में दोनों का निकाह कराकर उन्हें दिल्ली भेज दिया गया। इस दौरान गांव के प्रधान भी मौजूद रहे।