जुनावई(संभल)। फेसबुक पर हुए प्यार में शादी की जिद करने पर प्रेमी ने ही अपने दो साथियों संग गला घोंट कर प्रेमिका ज्योति ( 19) की हत्या कर दी। थाना जुनावई पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि हत्यारोपी प्रेमी के दो साथी फरार चल रह हैं। एएसपी अनुकृति शर्मा ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया है।
एएसपी के अनुसार थाना जुनावई के गांव मैढोली के रहने वाले झाऊ सिंह पुत्र सौदान सिंह ने अपनी बेटी ज्योति की शादी करीब एक वर्ष पहले अंकित कुमार निवासी दीपपुर थाना रजपुरा के साथ ही थी। पिछले आठ महीने से ज्योति अपने मायके में रह रही थी। इसी बीच 31 मई को ज्योति अचानक से लापता हो गई। तीन जून की सुबह थाना जुनावई क्षेत्र के गांव सेंजना मुस्लिम के जंगल में ज्योति की लाश मिली थी। गले में रस्सी का फंदा कसा था। रस्सी का एक सिरा शीशम के पेड़ की पतली टहनी से बंधा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से हत्या की पुष्टि हुई।
चार जून को पुलिस ने पीड़ित पिता झाऊ सिंह की ओर से प्रेमी नीटू निवासी गांव गोबला लहरा सलेमपुर थाना दादो जनपद अलीगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। एएसपी अनुकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आठ जून को प्रेमी नीटू को गुन्नौर के बदायूं हाईवे पर गांव फतेहपुर को जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।
उसकी निशानदेही पर ज्योति की घटना के दौरान पहनी हुई चप्पल बरामद की गई हैं। पूछताछ में हत्यारोपी नीटू ने शादी की जिद करने पर उसके गांव के ही अपने दो दोस्त रंजीत कुमार व संजीव कुमार निवासी गांव गोबला लहरा के साथ मिल कर जंगल में एक जून को गला घोंटकर हत्या कर दी और शव खेत में से ही रस्सी लेकर शीशम के पेड़ की टहनी से लटका दिया था।
शादी नहीं करने पर पुलिस से शिकायत की धमकी दे रही थी ज्योति
पुलिस के अनुसार ज्योति की शादी एक साल पहले अंकित कुमार निवासी दीपपुर थाना रजपुरा से हुई थी। इस शादी से ज्योति खुश नहीं थी और आठ माह से पिता के घर पर रह रही थी। पुलिस के अनुसार आठ माह पहले ज्योति एवं नीटू की फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। नीटू कई बार जुनावई बाजार में ज्योति से मिलने आया था। ज्योति अपनी ससुराल नहीं जाना चाहती थी। इस पर इसके घरवालों ने ज्योति को कई बार मारा पीटा था। 31 मई को नीटू जुनावई आया था और ज्योति को लेकर गुड़गांव चला गया था। उस रात दोनों गुड़गांव में ही रुके थे। यहां ज्योति ने नीटू से उसके साथ रहने और शादी की तो नीटू एक दो दिन में गुड़गांव में रहने की व्यवस्था करने की बात कही और उसे लेकर एक जून को वापस जुनावई ले आया और उसी दिन अपने दोस्तों संग मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार नीटू ज्योति से शादी नहीं करना चाहता था लेकिन ज्योति शादी नहीं करने पर जेल भिजवाने की धमकी दे रही थी। जिससे प्रेमी ने उसे मारने की योजना बना ली।