चंदौसी (संभल)। भगवान श्रीकृष्ण की छठी महोत्सव के उपलक्ष्य में शनिवार को नगर में गाजे-बाजे के साथ फूलडोल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल राधा रानी-भगवान श्रीकृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। नगर में जगह-जगह फूल बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शनिवार को नगर के सीता रोड स्थित साहु झुन्नी लाल धर्मशाला से फूलडोल यात्रा निकाली गई। यात्रा साहु झुन्नी लाल धर्मशाला से शुरू होकर गणेश मंदिर, ब्रह्म बाजार, फड़याई बाजार, घंटाघर, बड़ा बाजार, पुरानी पेंठ, बिसौली गेट, सुंदर मोहल्ला से होते हुए सीता रोड़ स्थित हनुमान मन्दिर पर जाकर समापन हुआ। शोभायात्रा में रंग-बिरंगे फूलों से सुशोभित लड्डू गोपाल का रथ, श्रीकृष्ण- राधा रानी का रथ, तुलसी माता, गौ माता, भगवान जगन्नाथ, भगवान हरि के चरण चिह्न का रथ शामिल रहा। रथों को महिला एवं पुरुषों भक्तों के साथ साथ छोटे-छोटे बच्चे खींच रहे थे। साथ ही यात्रा में हाथी घोड़ा पाल की जय कन्हैया लाल की, हरे रामा हरे कृष्णा के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। इसके अलावा वृंदावन इस्कॉन मंदिर से आए कृष्ण अनुयायीयों ने हरे रामा हरे कृष्णा का गुणवान किया गया। शोभायात्रा में भक्त सहित नगर के लोग मौजूद रहे।