संभल। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मंगलवार को नगर में गाजेबाजे के साथ फूलडोल शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह दर्शन पूजन किया और फूल बरसाकर स्वागत किया। भजनों और जयकारों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। मोहल्ला ठेर स्थित शिव मंदिर पर मंगलवार को सुबह नौ बजे पंडित अवनीश शास्त्री ने विधिवत पूजन कराकर भगवान श्रीकृष्ण की फूलडोल शोभायात्रा का शुभारंभ कराया। इसके बाद आयोजक कमलकांत तिवारी फूलडोल को लेकर चले। साथ में ढोल ताशे भी रहे।
शोभायात्रा शिव मंदिर से शुरू होकर सुनारों वाली गली, आर्य समाज रोड, छंगामल की कोठी, नई सराय, बाजार गंज, महमूद खां सराय, मंदिर मढ़ैया, सर्राफा बाजार, वनखंडन मंदिर, कोतवाली से चक्की का पाट, सेठों गली, चौहट्टा मंदिर, पाटों का दीवानखाना, डाकखाना रोड, शुक्ला मार्केट, गौरी सहाय मंदिर, सरथल चौकी, रहट वाला मंदिर, पंजाबी मंदिर, रईसों वाला मंदिर, बाबू कमल कौशल एडवोकेट के निवास, रामलीला मैदान, प्राचीन श्री कल्कि विष्णु मंदिर से होकर देर रात मनोकामना तीर्थ पहुंचकर समाप्त हुई।
जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के फूलडोल के दर्शन किए। पूजन करते हुए सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर फूलडोल शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के बेहतर इंतजाम रहे। इस दौरान रजनीकांत तिवारी, निशिकांत तिवारी, अभिषेक, दीपक दुबे, अजय शर्मा, वैभव गुप्ता आदि रहे।