संभल/चंदौसी। नगर में लॉकडाउन का पालन महज प्रतिष्ठान बंद करने के बाद ही मालूम हो रहा है। यातायात व्यवस्था आमदिनों की तरह नजर आ रही है। लोगों की आवाजाही से लॉकडाउन का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। सबसे ज्यादा भीड़ निजी अस्पताल, बैंक और बस स्टैंड पर नजर आ रही है। इस भीड़ से ही संक्रमण बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि इस समय संभल नगर में संक्रमण पर काफी हद तक स्वास्थ्य विभाग ने काबू पा लिया है। यदि लापरवाही बनी रही तो हालात बिगड़ सकते हैं। सोमवार को बाजार में आवाश्यक सामग्री की दुकानें खुली तो खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
न दूरी का पालन किया गया और न कोरोना संक्रमण का डर सताया। 11 बजे के बाद जब आवश्यक सामग्री की दुकानें बंद हुईं तो भीड़ पर काबू किया गया। कोतवाली पुलिस ने गश्त कर कोरोना की गाइडलाइन का पालन करने की लोगों को हिदायत दी गई। यातायात व्यवस्था आम दिनों की तरह नजर आई। नखासा थाना पुलिस ने बिना मास्क वाले 13 लोगों के चालान किए। कुल 4500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन में बाजार खुलने के बाद उमड़ी भीड़ ने कोई पालन नहीं किया। चंदौसी में लॉकडाउन का पालन पुलिस ने सही तरीके से कराया। बाजार में निर्धारित समय के बाद जो दुकानें खुलीं मिलीं उनसे जुर्माना वसूला गया। कोतवाली पुलिस ने 2200 रुपये का जुर्माना वसूला है।