संभल में जनता पेट्रोल पर ठेले लगाने वालों पर सख्ती की तो कुछ इस तरह दीवार फांदकर भागते लोग।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए सड़क पर उतरी पुलिस ने अभियान चलाया। अनावश्यक रुप से बाहर घूम रहे लोगों की चेकिंग की गई। शंकर चौराहे पर स्कूटी लेकर पहुंचे नाबालिगों से पुलिस ने उठा-बैठक लगवाई। सख्त हिदायत के बाद इन्हें छोड़ा गया।
लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों का संज्ञान लेकर संभल जिले में दो दिन का लॉकडाउन बढ़ाया गया लेकिन इसका पालन लोग जिम्मेदारी से करना भूल गए। अनावश्यक रुप से बाहर निकलकर इधर-उधर घूमने वाले लोगों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराने और लॉकडाउन का पालन कराने के लिए मंगलवार को पुलिस सड़क पर उतरी। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
जनता पेट्रोल पंप के पास लग रहे ठेले हटवाए गए। ठेले लगाने वालों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस के डर से सहम ठेले लगाने वाले लोग दीवार फांदकर भागते नजर आए। वहीं, शंकर चौराहा, अस्पताल चौराहा पर लोगों की चहलकदमी ने प्रशासन की चिंता बढ़ाई। कोतवाली पुलिस के साथ सीओ ने इन स्थानों पर चेकिंग कराई। अनावश्यक रूप से मिले लोगों को हिदायत दी गई। नाबालिग भी इस दौरान स्कूटी चलाते मिले। जिनसे कोतवाली की पुलिस ने पहले उठा-बैठक लगवाई बाद में सख्त हिदायत के बाद उन्हें छोड़ा गया।