चंदौसी/ संभल। नौ केस कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हॉट स्पॉट बने संभल व सरायतरीन में लॉक डाउन की सख्ती सोमवार को भी जारी रही। पहले से चली आ रहीं सभी पाबंदियां 3 मई तक जारी रहेंगी क्योंकि संभल और सरायतरीन को सोमवार से कोई रियायत नहीं दी गई। चंदौसी और गुन्नौर तहसील को मामूली रियायतें देने का एलान जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने सोमवार को दोपहर अपनी विज्ञप्ति में किया है। चंदौसी और गुन्नौर में सरकारी दफ्तर खुल गए हैं। कर्मचारी सामान्य तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ काम करते नजर आए।
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन ने जिन उद्यमों और गतिविधियों को लॉक डाउन के दौरान छूट देने का प्रावधान किया अगर उनका संचालन करना है तो हॉट स्पॉट संभल को छोड़कर ही किया जा सकेगा क्योंकि संभल में नौ केस कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं। एक कोरोना पॉजिटिव की मौत हो चुकी है।
कई लोग ऐसे हैं जो कोराना पॉजिटिव के संपर्क में थे और उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। ऐसी स्थिति में कोरोना के खतरे से इनकार नहीं किया जा सकता है लेकिन गुन्नौर और चंदौसी में उद्यम और कुछ अन्य गतिविधियों का संचालन हो सकता है पर इसके लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति लेना आवश्यक होगा। यह अनुमति भी चंदौसी और गुन्नौर तहसील क्षेत्र के लिए ही मिलेगी। लॉक डाउन अवधि में 3 मई तक संभल तहसील क्षेत्र में किसी तरह की रियायत की अनुमति नहीं दी जाएगी।