बहजोई। जिले में खाद व बीज की दुकानों पर ओवर रेटिंग न हो। ओवर रेट पर खाद व बीज बेचने वाले दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है। साथ ही दुकान का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा। यह बात डीएम मनीष बंसल ने कही। वह शनिवार को उर्वरक की पूर्ति व वितरण को लेकर संबंधित अधिकारियों व जिले भर के उर्वरक के थोक विक्रेताओं के साथ बैठक कर रहे थे।
डीएम ने कहा कि निर्धारित मूल्य पर ही खाद व बीज की बिक्री की जाए। अधिकारी अभियान चलाकर खाद व बीज की दुकानों को चेक करें। एआर कॉपरेटिव से कहा कि खाद भंडारण को चेक किया जाए। किसी भी कीमत पर काला बाजारी न होने पाए। इसके बाद डीएम ने सहकारी समिति के सचिवों को उर्वरक से जुड़ी मशीन का भी वितरण किया। डीडी एजी हीरा सिंह जीना समेत डीएओ ओंकार सिंह व एआर कॉपरेटिव वीरेंद्र कुमार उपाध्याय रहे।