बबराला। गुन्नौर तहसील के गंगावास गांव में तेंदुए की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले एक सप्ताह से गांव में तेंदुआ घूम रहा है, लेकिन वन विभाग की लापरवाही के चलते अब तक उसका रेस्क्यू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत दोनों है।
ग्राम प्रधान के पति रूपेश यादव ने बताया कि शुक्रवार की रात तेंदुआ आबादी में घुस आया था और घरों के अंदर घुसने का प्रयास कर रहा था। तेंदुए को देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे लाठी-डंडे लेकर शोर मचाकर उसे जंगल की ओर भगाया। इससे पहले इसमपुर गांव के पास भी तेंदुआ देखा गया था, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल है।
तेंदुए के खौफ से हालात ये हैं कि लोग दिन में भी बिना लाठी-डंडे के घर से नहीं निकल रहे हैं। किसानों को खेत पर जाने में डर लग रहा है। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ कभी भी किसी पर हमला कर सकता है।