चंदौसी। कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव पैगारफातपुर में ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दिया है। जंगल में जगह जगह पंजों के निशान दिखाई दिए हैं। सूचना पर वन विभाग के रेंजर गांव पहुंचे और पंजों के निशान देखे। उन्होंने ग्रामीणों को जंगल जाते समय एहतियात बरतने की सलाह दी है। रेंजर के मुताबिक तेंदुए होने की संभावना कम हैं, लकड़बग्घा हो सकता है। डीएफओ को रिपोर्ट दी जा रही है।
गांव पैगारफातपुर में किसान रामरहीस के ट्यूबवैल के आसपास पिछले तीन दिनों से जंगली जानवर दिखाई दे दिया। ग्रामीणों को आशंका है कि वह जानवर तेंदुआ है। इसको लेेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। रोजगार सेवक राकेश ने एसडीएम को शिकायत कर गांव में तेंदुआ होने की बात कही। सूचना पर वन रेंजर नजाकत हुसैन बुधवार को गांव पहुंचे। उन्होंने जंगल में जानवर के पैरों के निशान देखे। ग्रामीणों को सलाह दी कि जंगल में अकेले न जाए। समूह में जाकर काम करें। इसके अलावा कोई पशु मर जाए, तो खुले में न डाले। गड्ढ़ा खोदकर दबा दें। भूख लगने पर जानवर मृत पशुओं के पास आता है। ऐसे में एहतियात बरतें।