संभल। सर्दी के मौसम में नगर पालिका ने सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत अभियान चलाकर लोगों के द्वारा सड़क और फुटपाथ पर निर्माण कार्य का मलबा रखने के मामले में जुर्माना डालने की तैयारी की है। अभियान में सड़क के किनारे पड़े दुकानदारों की निर्माण सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई भी होगी। नगर पालिका ने टोल फ्री नंबर 1533 भी जारी किया है।
ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि अगर किसी मकान के आगे सड़क पर व्यक्ति ने निर्माण कार्य से संबंधित मलबा छोड़ा है या फुटपाथ पर मलबा डाल रखा है उसे तुरंत हटा लिया जाए। क्योंकि अगले सप्ताह से अभियान चलाकर ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी। जिसमें संबंधित व्यक्ति पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
अगर कोई व्यक्ति यह चाहता है कि उसका मलबा किसी अन्य स्थान पर पहुंचा दिया जाए तो नगर पालिका ने इसके लिए टोल फ्री नंबर 1533 जारी किया है। इस नंबर पर सूचना देकर मलबे को हटाने का काम नगर पालिका करेगी। एक ट्रॉली मलबे पर 500 शुल्क वसूला जाएगा। यह अभियान सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चलाया जाएगा। अभियान के नोडल अधिकारी जेई निर्माण रहेंगे।
ईओ ने बताया कि सड़क के किनारे जो लोग बजरफुट, रेता, मिट्टी आदि रखकर बेचते हैं उनपर भी कार्रवाई होनी है। ऐसे स्थान पर सामग्री पाई गई तो दुकानदार पर जुर्माना लगाया जाएगा।
साथ ही, सामग्री को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अगर दुकानदार अभियान चलने से पहले सामग्री को हटवाना चाहता है तो वह टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकता है। लोग भी सड़क किनारे सामग्री रखकर बेचने और सड़क पर मलबा होने के बारे में टोल फ्री नंबर पर जानकारी दे सकते हैं, उनका नाम गोपनीय रखा जाएगा।