संभल। मोहल्ला तिवारी सराय स्थित पापमोचन तीर्थ पर मंगलवार को विकास और सुंदरीकरण के कार्य शुरू हो गए। पंडित विशाल शर्मा ने पूजा कराई और बाद में एसडीएम विकास चंद्र ने कक्षा छह की छात्रा वैष्णवी से नींव रखवाकर विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
एसडीएम ने बताया कि तिवारी सराय स्थित पापमोचन तीर्थ और गांव मंडी किशनदास सराय स्थित पिशाचमोचन तीर्थ के विकास के लिए शासन ने 1.95 करोड़ रुपये जारी किए हैं। वंदन योजना के तहत पिशाचमोचन तीर्थ पर पहले से काम चल रहा है। पापमोचन तीर्थ पर मंगलवार को विधि-विधान पूर्वक निर्माण कार्यों का शिलान्यास कराया गया है।
एसडीएम ने बताया कि इस तीर्थ परिसर में वंदन योजना के तहत मुख्य द्वार, मल्टीपरपज हॉल, परिक्रमा पथ और सत्संग भवन सहित श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं विकसित कराई जाएंगी। बताया कि संभल की प्राचीन धार्मिक विरासत का संरक्षण, तीर्थ स्थलों का समुचित विकास और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिलान्यास के दौरान चौबीस कोसीय मासिक परिक्रमा समिति के अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, अशोक त्रिवेदी, अशोक गौतम, संजीव शुक्ला, मुकेश शर्मा, सीमा आर्य, सुमन शर्मा, अजीत सैनी, जसपाल सिंह, सौरभ गुप्ता, राम किशन ठकराल, आमिया सरकार आदि रहे।