संभल। ई-रजिस्ट्री के विरोध में अधिवक्ताओं ने बुधवार को निबंधन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर उप निबंधक को ज्ञापन दिया। अधिवक्ता आंदोलन के चलते न तो बैनामे हुए न ही कोई रसीद काटी गई।
अधिवक्तागण उत्तर प्रदेश शासन के उस शासनादेश का विरोध कर रहे हैं जिसमें ई-रजिस्ट्री की व्यवस्था को लागू किए जाने का आदेश है। इस व्यवस्था में निजी संस्थाओं को दस्तावेजों का पंजीकरण कराए जाने का अधिकार मिल रहा है। इसके विरोध में तहसील/सिविल कोर्ट स्थित समस्त बार एसोसिएशन की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को सुबह 10 बजे से अधिवक्ता एकत्र हुए। शाम पांच बजे तक धरना प्रदर्शन किया गया। धरनास्थल पर प्रदीप कुमार गुप्ता, शरद चंद्र भारद्वाज, राजीव कुमार भटनागर, अरविंद सिंह, रामपाल सिंह, गुरुदत्त गुप्ता, जफर हुसैन, पंचम सिंह, शमशाद हुसैन, नईम एवं कातिब संघ के संजीव पाठक, प्रेम सिंह, शाहिद हुसैन आदि उपस्थित रहे। सभी ई-पंजीकरण की नई व्यवस्था का विरोध करते हुए इस संबंध में जारी शासनादेश निरस्त करने की मांग की।