जिले में एकमात्र राजकीय पॉलीटेक्निक चंदौसी के बदायूं रोड पर स्थित है। जिसमें सिविल, कैमिकल व प्रिंटिंग सेमेस्टर की 75-75 सीटें हैं। साथ ही लेटरल एंट्री की 14 सीटें है। अब राजकीय पॉलीटेक्निक में औद्योगिक संयंत्रों में काम करने वाले श्रमिक भी दाखिला ले सकेंगे। संस्थान के प्रधानाचार्य एसके वर्मा ने बताया कि राजकीय पॉलिटेक्निक के 50 किलोमीटर के दायरे में स्थित केंद्र व राज्य सरकार के उद्योगों, प्राइवेट लिमिटेड, पब्लिक लिमिटेड एवं एमएसएमई पंजीकृत उद्योगों में कार्यरत श्रमिक अब संस्थान में प्रवेश ले सकेंगे। उनके लिए संस्थान में 30 सीटें आरक्षित है। श्रमिकों की योग्यता हाईस्कूल, आईटीआई व इंटरमीडिएट रहेगी। साथ ही उनके पास एक वर्ष का औद्योगिक अनुभव होना जरूरी है। उनका चयन उनके शैक्षिक प्रमाणपत्र व अनुभव प्रमाणपत्र के आधार पर किया जाएगा। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए राजकीय पॉलीटेक्निक में सांय काल कक्षाएं संचलित की जाएंगी। लेकिन कम से कम एक तिहाई प्रवेश पर ही ये कक्षाएं संचलित होंगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी संस्थान में बनी हेल्प डेस्क पर आकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अगस्त रखी गई है।