सिरसी (संभल)। संभल-मुरादाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे नजाकत हुसैन (35) पुत्र मुर्सरत हुसैन निवासी कुंदरकी को टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे लेकर चालक और परिचालक को हिरासत में लिया है।
मुरादाबाद जनपद के कस्बा कुंदरकी निवासी नजाकत हुसैन का विवाह सिरसी के मोहल्ला शर्की निवासी अली नकी की बेटी से हुआ था। बीते कई साल से वह परिवार के साथ सिरसी में ही रहा था। वह मुरादाबाद में फैक्टरी में काम करता था। परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह दस बजे के करीब नजाकत हुसैन मुरादाबाद काम पर जाने के लिए घर से गया था। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर दादा मखदूम साहब के मजार के नजदीक सड़क किनारे खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी संभल की ओर से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक का पहिया कुचलता हुआ आगे निकल गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक घटना स्थल से ट्रक लेकर भागने लगा। पुलिस ने भाग रहे ट्रक का पीछा करके पकड़ लिया और चालक एवं परिचालक को हिरासत में ले लिया। मृतक की चार बेटियां और एक बेटा है। मृतक के साले चंदन ने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।