चंदौसी/ बनियाठेर। क्षेत्र के गांव बनियाखेड़ा में हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटे कांवड़ियाें को शिव मंदिर पर साफ सफाई नहीं मिली और मंदिर के रास्ते में कीचड़ भरा मिला। आक्रोशित कांवड़िए थाने पहुंच गए। ग्राम प्रधान व सफाई कर्मी के खिलाफ तहरीर देकर थाने में ही धरने पर बैठे गए।
धरने पर बैठे कांवड़ियों का कहना है कि शिव मंदिर का रास्ता खराब है। थाने में शांति समिति की बैठक हुई थी। बैठक में ग्राम प्रधान के सामने सावन की शिवरात्रि पर मंदिर का रास्ता सही कराने व मंदिर पर साफ सफाई कराने को कहा गया था। गांव से 20 से अधिक कांवडि़यों का जत्था हरिद्वार से डाक कांवड़ लेने गया था। पूरा जत्था शुक्रवार की रात करीब दस बजे गांव पहुंचा। वहां देखा, तो मंदिर का रास्ता जस का तस था। मंदिर की साफ सफाई भी नहीं कराई गई थी। उन्होंने कहा कि वह बड़ी कांवड़ लेकर आए हैं, यह कांवड़ इस खराब रास्ते से नहीं निकल पाएगी। गांव में सरकारी सफाई कर्मचारी तैनात है। ग्राम प्रधान ने न तो मंदिर की साफ सफाई कराई और न ही रास्ता ठीक कराया। आक्रोशित कांवड़िये थाने पहुंच गए और रात में ही ग्राम प्रधान व सफाई कर्मचारी के खिलाफ तहरीर देकर धरने पर बैठ गए हैं। अभी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। धरने में दीप चंद, महावीर, दिनेश, वीरेंद्र, राकेश पाल, संजीव कुमार, सत्यपाल, अनिल, दीनानाथ, अरूण शर्मा आदि रहे।