बहजोई। जिले के तीन और ब्लॉकों में कस्तूरबा विद्यालयों को उच्चीकृत करने के लिए शासन से स्वीकृति मिली है। इन ब्लॉकों के कस्तूरबा विद्यालयों में कक्षा नौ से लेकर 12 तक की पढ़ाई होगी।
जिला समन्वयक (बालिका शिक्षा) रंजना राजपूत ने बताया कि जिले में अब तीन और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों को उच्चीकृत करने के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। इनमें ब्लॉक जुनावई, संभल ग्रामीण (रिठाली) व असमोली के कस्तूरबा विद्यालय शामिल हैं। डीसी ने बताया कि अब तक इन तीनों विद्यालयों में कक्षा छह से लेकर आठ तक की छात्राओं की पढ़ाई होती थी। अब इन विद्यालयों को उच्चीकृत का दर्जा मिलने के बाद इनमें कक्षा नौ से 12 तक की छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर सकेंगी।
उन्होंने बताया कि फिलहाल तो कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं की पढ़ाई नजदीकी इंटर कॉलेज में होगी। इसके अलावा इन छात्राओं का रहन-सहन के लिए इन विद्यालयों के परिसर में एक-एक छात्रावास भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
वहीं, इन तीनों ब्लॉकों के छात्रावास भवन के निर्माण के बाबत जिला समन्वयक (निर्माण) सचिन सक्सेना ने बताया कि तीनों विद्यालयों के छात्रावास के निर्माण के लिए शासन स्तर से 3.19 करोड़ रुपये के हिसाब से कुल 9.57 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है। इसकी तुलना में तीनों छात्रावासों के भवनों के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल निर्माण खंड मुरादाबाद को बतौर पहली किस्त के रूप में 40 प्रतिशत के हिसाब से 3.82 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध हो चुकी है और कार्यदायी संस्था की ओर से तीनों ही विद्यालयों के छात्रावासों के भवनों का निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
बनियाखेड़ा व रजपुरा के कस्तूरबा विद्यालय पहले से ही हैं उच्चीकृत
बहजोई। डीसी रंजना राजपूत ने बताया कि ब्लॉक बनियाखेड़ा व रजपुरा के कस्तूरबा विद्यालय पहले से ही उच्चीकृत हैं। इनमें ब्लॉक बनियाखेड़ा में एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास का निर्माण भी कराया जा चुका है। इसमें एकेडमिक ब्लॉक में छात्राओं की पढ़ाई व छात्रावास में छात्राओं का रहन-सहन आदि हो रहा है। वहीं, रजपुरा में सिर्फ हॉस्टल बना था। इसमें छात्राओं का रहन-सहन हो रहा है। साथ ही, नजदीकी इंटर कॉलेज में छात्राओं की पढ़ाई हो रही है।