संभल। बाजार में करवा चौथ और दिवाली के चलते रौनक लौट आई है। दुकानदार भी पूरी तैयारी कर बैठे हैं। कोरोना काल की मार झेल चुके दुकानदारों को इस बार अच्छा व्यापार होने की उम्मीद है। बाजारों में भीड़ भी काफी पहुंच रही हैं। महिलाएं करवा चौथ की तैयारी में जुटी हैं। सभी प्रतिष्ठानों पर महिलाओं को खरीदारी करते देखा जा सकता है। त्योहारों के नजदीक आने पर भीड़ बढ़ जाएगी और कारोबार रफ्तार पकड़ लेगा। रविवार को संभल के बाजार में काफी रौनक दिखाई दी। महिलाएं ज्यादा खरीदारी करती दिखीं। दरअसल, 4 नवबंर को करवा चौथ का त्योहार हैं और उसके बाद 14 नवंबर को दिवाली का त्योहार है। करवा चौथ की खरीदारी महिलाएं ज्यादा कर रही हैं। कपड़े की दुकान से लेकर शृंगार के सामान की दुकान तक भीड़ ही भीड़ है। अन्य जरूरी सामान भी खूब खरीदे जा रहे हैं। लगातार बाजार में लौटती रौनक से दुकानदार भी उत्साहित हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि कोरोना काल की मार झेल चुका बाजार अब त्योहार और शादियों के सीजन में पटरी पर लौटेगा।