संभल जिलेके सिसौना डांडा मेले की तैयारी का नजारा।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। अमरोहा जिले के तिगरी मेले की तर्ज पर संभल जिले के सिसौना डांडा में गंगा नदी के तट पर मेले की तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेला 14 नवंबर तक चलेगा लेकिन मुख्य स्नान और मेला 12 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर है। जिला पंचायत का अनुमान है कि कार्तिक स्नान में तीन से साढ़े तीन लाख श्रद्धालु शामिल होंगे। मेले में भीड़ को देखते हुए व्यवस्था की जा रही है। तंबू बनाए जा रहे हैं। मेला कोतवाली की स्थापना हो चुकी है। मेले के चारों तरफ पुलिस चौकियों की स्थापना होगी। मेले के लिए जिला पंचायत 34.86 लाख रुपये व्यय करेगी।
कार्तिक स्नान पर सिसौना डांडा में गंगा नदी के तट पर लगने वाले मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह और पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद कर दिया है। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र का दौरा किया और कार्यों की समीक्षा की है। इस बीच जिला पंचायत के कर्मचारी मेला की सजावट के लिए लगे हुए हैं। जिला पंचायत के खर्चे पर मेले में तंबू बनाए जा रहे हैं।
मेलार्थियों को पेयजल उपलब्ध कराए जाने के लिए 200 हैंडपंप लगाए जा रहे हैं। अस्थायी तौर पर मेला कोतवाली की स्थापना की गई है। पुलिस बल की भी तैनाती हो गई है। सिसौना डांडा के गंगा तट पर लगने वाले कार्तिक स्नान मेला में सांस्कृतिक मंच बनाया जा रहा है। स्काउट गाइड के लिए पांडाल बनाए जा रहे हैं। मेला में स्वागत द्वार बन गया है। अस्थायी तौर पर अस्पताल के लिए भी टेंट लगाया गया है। अधिकारियों के लिए विशेष शिविर बनाए गए हैं। जिला पंचायत के मेला प्रभारी रूपम वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की शाम तक मेला की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
संभल जिले में गंगा तट पर मेले की शुरूआत जिला पंचायत ने की है। इस पर इस वर्ष 34.86 लाख रुपये व्यय करने का बजट है। मेेले के दौरान जिला पंचायत पानी बिजली और सफाई आदि की व्यवस्था देखेेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए मंच प्रदान करेगा। मेला क्षेत्र में पुलिस कोतवाली की स्थापना की जा चुकी है।
अरुण प्रताप भारती, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत।