चंदौसी। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज ने राहत दी है। गंगा स्नान पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चंदौसी से आठ अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें तीन बसें सिसौना डांडा और पांच तिगरी के लिए चलाई जाएंगी। ये बसें 23 से 25 नवंबर तक चलेंगी। इससे श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर सिसौना डांडा और अमरोहा जिले के तिगरी में बड़ा मेला लगता है। चंदौसी और आसपास के क्षेत्रों से भी काफी संख्या में लोग इन दोनों गंगा घाटों पर जाते हैं। चंदौसी से सिसौना डांडा और तिगरी के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्हें दूसरे साधनों के माध्यम से अपना सफर पूरा करना पड़ता है।
इससे समय भी अधिक लगता है और श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। इसको देखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था की है। चंदौसी से सिसौना डांडा के लिए तीन और तिगरी के लिए पांच बसें चलाई जाएंगी। इनका संचालन 23, 24 और 25 नवंबर तक किया जाएगा। चंदौसी से सिसौना डांडा तक का किराया 87 रुपये और तिगरी तक का किराया 125 रुपये रहेगा।
चंदौसी रोडवेज स्टैंड इंचार्ज राजू यादव ने बताया कि अतिरिक्त बसें चलने से श्रद्धालुओं को सीधे गंगा घाट तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी। उन्हें बस बदलने और लंबे इंतजार की परेशानी से भी राहत मिलेगी। अगर यात्रियों की संख्या बढ़ती है, तो यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों के बढ़ाने की भी व्यवस्था की जाएगी।