संभल-मुरादाबाद मार्ग पर कांवड़ लेकर जाता कांवड़ियों का जत्था।
- फोटो : SAMBHAL
सावन माह की शिवरात्रि 26 जुलाई को है। शिवरात्रि पर भगवान शिव के मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर शिवभक्त हरिद्वार व अन्य गंगा घाटों से कांवड़ में गंगा जल लेकर लौटने शुरू हो गए। रविवार को डीजे की धुन पर थिरकते हुए कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे थे। लोगों ने जगह-जगह शिविर लगाकर उनकी सेवा की। सुरक्षा को लेकर पुलिस भी सतर्क है।
रविवार केमुरादाबाद-आगरा हाईवे, बबराला-गवां मार्ग और बदायूं-मेरठ हाईवे पर कांवड़ियों का रैला देखने को मिला। असमोली में शिविर में भगवान भोलेनाथ के भजनों पर कलाकारों ने नृत्य करके समां बांधा। मुख्य मार्गों पर सामाजिक संस्थाओं और शिवभक्तों ने शिविर लगाकर कांवड़ियों की सेवा कर पुण्य कमाया। वहीं बबराला के राजघाट गंगातट पर भी कांवड़ मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राजघाट के गंगातट पर रविवार शाम से शिवभक्त जुटने लगे। यहां सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। राजघाट से श्रद्धालु गंगा जल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। पुलिस ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। गंगातट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पीएसी के जवानों को गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए निर्देशित किया गया है। यातायात पुलिस को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कुछ शिवभक्त ट्रेनों के माध्यम से भी चंदौसी पहुंचे हैं।