पहली घटना थाना बनियाठेर क्षेत्र के गांव नुरुददीनपुर गंज निवासी बाइक सवार भाइयों से बदमाशों दिन दहाड़े मारपीट कर पांच हजार की नगदी लूट ली। थाना बनियाठेर के गांव नुरुददीनपुर गंज निवासी चंद्रकेश, जयप्रकाश पुत्र गण गजराज सिंह बाइक पर फेरी लगाकर कपड़ा बेचते हैं।
रविवार की शाम दोनों भाई बाइक से शाम पांच बजे संभल से घर आने के लिए चले। जब ग्राम सराय सिकंदर व नुुरुददीनपुर गंज मार्ग पर पहुंचे तो कुछ देर चलने पर नल के पास तीन युवक बैठे हुए थे। इन दोनों को आता देख खड़े हो गए। पास आते ही तीनों ने बाइक रोक ली और गाली गलौज कर मारपीट करने लगे। इसके बाद चंद्रकेश की जेब में पड़े पांच हजार रुपये लूट लिए।बदमाशों ने दोनों को मारपीट कर घायल कर दिया। चंदकेश ने वारदात की तहरीर नरौली पुलिस चौकी में दी है।
बाइकर्स बदमाशों ने कपड़ा व्यापारी से की लूट
धनारी। क्षेत्र में रविवार की शाम को तीन बाइकर्स सवारों ने फेरी वस्त्र विक्रेता को ओवरटेक कर 18 सौ रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। धनारी थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव निवासी मुकेश पुत्र रामफल रविवार को फेरी में कपड़ा बेचने क्षेत्रीय गांवों में गया था।
रविवार की शाम को वापस लौटते समय गौरीपुरा टिक्टा मार्ग पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक करके रोक लिया। शस्त्रों से डरा धमकाकर कपडा व्यापारी ने 18 सौ रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। जब व्यापारी ने विरोध किया तो उसे तमंचे की बटों से मारपीट कर बेहोश कर दिया। होश में आने के बाद पीडित किसी तरह अपने गांव पहुंचा और घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में काबिंग भी की लेकिन उनका कहीं कोई पता नहीं चल सका।
किसान की बाइक और नगदी छीन ले गए
संभल/सौंधन। बाइक सवार किसान को लुटेरों ने रविवार को रात्रि लखनपुर पुल के पास लूट लिया। यह घटना रजपुरा थाना क्षेत्र में हुई। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है लेकिन कोई लुटेरा हाथ नहीं आया। हयातनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लधनपुर के निवासी किसान सतीश अपने बेटे राजेश को छोड़ने के लिए बाइक से रजपुरा जा रहे थे। उनका बेटा रजपुरा में एक आवासीय स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। रास्ते में लखनपुर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद मारपीट करके 4100 रुपये और उनकी बाइक लूटने के बाद बदमाश भाग गए।