जुनावई (संभल)। गाजियाबाद में बुधवार की सुबह टेंपो पलटने से जुनावई थाना क्षेत्र के गांव रिबाड़ा गांव निवासी अंकित कुमार (22) की मौत हो गई। दो दिन पहले ही वह गांव से दिल्ली ड्यूटी पर गया था। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन शव लाने के लिए गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।
गांव रिबाड़ा निवासी चंद्रकेश का बेटा अंकित कुमार दिल्ली कनाट प्लेस में बीजा बनाने वाले कार्यालय में कार्य करता था। कुछ दिन पहले ही गांव आया था और सोमवार की शाम दिल्ली गया था। दिल्ली जाने से पहले वह गाजियाबाद में रहने वाले अपने चचेरे भाई रामवीर व विनोद के पास रुक गया। बुधवार की सुबह वह टेंपो में सवार होकर दिल्ली कनाट प्लेस जा रहा था। रास्ते में अचानक से टेंपो पलट गया। हादसे में अंकित कुमार के साथ ही अन्य सवारी भी घायल हो गईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार के लोग शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए। गांव के रहने वाले राम खिलाड़ी सिंह ने बताया छह माह पहले ही अंकित की शादी हुई थी। संवाद