संभल हिंसा की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की टीम बृहस्पतिवार को पहुंची। टीम ने घायलों का मेडिकल करने वाले डॉक्टरों समेत अन्य लोगों के बयान भी लिए हैं। आयोग शाम चार बजे तक शहर में रहेगा।
संभल में 24 नवंबर को हुई हिंसा के मामले में तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग की टीम बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे शहर में पहुंची। आयोग की टीम ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। टीम चार बजे तक संभल में रहेगी। न्यायिक जांच आयोग के सचिव की ओर से बताया गया है कि घटना से संबंधित कोई जानकारी अगर किसी व्यक्ति को देनी है तो वह दे सकता है।
विज्ञापन
इसके अलावा बवाल में घायल पुलिसकर्मियों और आम लोगों का मेडिकल करने वाले चिकित्सक और चिकित्साकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मालूम हो 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल हो गया था। इसमें पांच लोगों की जान गई थी। 29 पुलिसकर्मी और कई भीड़ में शामिल लोग घायल हो गए थे।
उपद्रवियों ने पुलिस पर फायरिंग की थी और आगजनी व तोड़फोड़ कर दी थी। इसमें घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल हुआ था। न्यायिक जांच आयोग में रिटायर्ड जज देवेंद्र अरोड़ा आयोग के अध्यक्ष हैं। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी और पूर्व डीजीपी एके जैन व रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अमित मोहन प्रसाद सदस्य के रूप में शामिल हैं।