डीएम को बच्चे ग्राउंड में खेलते मिले, जताई नाराजगी
गुन्नौर (संभल)। जिलाधिकारी ने बबराला के प्राथमिक विद्यालय प्रथम में निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियों को लेकर प्रधानाध्यापक को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम को बच्चे ग्राउंड में खेलते मिले, जिस पर वे नाराज हुए। इसके अलावा ब्लॉक के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय समेत बेसिक के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण किया और पठन पाठन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मंगलवार को डीएम मनीष बंसल ने बबराला के प्राथमिक विद्यालय प्रथम का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका, लर्निंग आउटकम पंजिका, मिड डे मील रजिस्टर इत्यादि को चेक किया। कक्षा पांच और चार के छात्रों की पंजीकरण की जानकारी लेते हुए बच्चों से वार्ता की एवं पढ़ाई की गुणवत्ता को देखा। हालांकि बच्चों की कम उपस्थिति को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति कराना सुनिश्चित करें। खंड शिक्षा अधिकारी पोप सिंह को निर्देशित किया कि लर्निंग आउटकम रजिस्टर के बारे में सभी अध्यापकों को विस्तार पूर्वक जानकारी दें। एमडीएम रजिस्टर में फर्जी नामांकन एवं डीबीटी में कमी, बच्चों पर कोई कंट्रोल न होने तथा बच्चों की उपस्थिति स्वयं लगाने, रिटायर्ड अध्यापक बुलाकर कार्य कराने को लेकर प्रधानाध्यापक भुवनेश कुमार शर्मा को निलंबित करने के लिए जिला बीएसए चंद्रशेखर को निर्देश दिए। इसके उपरांत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गुन्नौर का निरीक्षण किया। वहां की आधारभूत सुविधाओं को देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कॉमन रूम में स्मार्ट क्लास ना बनवाएं। ऐसे कक्ष देखें जहां स्मार्ट क्लास व्यवस्थित रूप से बन सके। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के कक्ष कक्षाओं में अच्छी लाइटिंग की व्यवस्था तथा अच्छा पेंट कराना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय कंपोजिट गुन्नौर का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके उपरांत अपर प्राथमिक विद्यालय गुन्नौर का निरीक्षण किया एवं बच्चों से वार्ता की। पढ़ाई की गुणवत्ता को लेकर संतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के दौरान बीएसए चंद्रशेखर को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के सभी स्कूलों में ग्रीन बोर्ड लगाए जाएं। सभी स्कूलों में विद्युत की संपूर्ण व्यवस्था और कक्षाओं में प्रकाश की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गुन्नौर ईओ गुंजन गुप्ता को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूल के परिसर में साफ सफाई कराना सुनिश्चित करें। गुन्नौर एसडीएम रामकेश धामा को निर्देशित किया कि स्कूल परिसर में कोई भी पशु न दिखाई दे। अगर कोई पशु स्कूल परिसर में आता है तो उसको संरक्षित स्थान पर रखें। अगर इसके उपरांत पशु पालक अपना पशु लेने आता है तो उससे जुर्माना वसूला जाए।