हजरतनगर गढ़ी में पांच बहनों के इकलौते भाई की वायरल बुखार से मौत हो गई। डेंगू आशंकित पांच वर्षीय बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। बच्चे की मौत से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में बच्चे की बुआ और बहन भी बुखार से पीड़ित हैं, जबकि आसपास के घरों में भी कई लोग बुखार से पीड़ित हैं। हजरतनगर गढ़ी के मोहल्ला अंबेडकर नगर में सुनील कुमार के पांच वर्षीय पुत्र ऋषिराव को चार दिन पहले बुखार आया था। उसका उपचार संभल के निजी अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार की रात हालत बिगड़ने पर परिजन मुरादाबाद ले गए। जहां उपचार के दौरान बुधवार की सुबह डेंगू आशंकित ऋषिराव पांच वर्ष की मौत हो गई। सुनील कुमार ने बताया कि ऋषि राव पांच बहनों का इकलौता भाई था। वह बच्चों में पांचवे नंबर का था। उन्होंने बताया कि चार लड़कियों के बाद बड़ी मन्नतों मुरादों से बेटा हुआ था। बुखार ने उसे भी छीन लिया। परिजनों ने बताया कि घर में ऋषिराव की बुआ प्रियंका और बहन सिमर को भी बुखार आ रहा है। जबकि उनके घर के सामने ही आशु पुत्र मेवाराम, सिलोचना पत्नी दिनेश, मुन्नी देवी पत्नी नत्थू सिंह, गंगा देवी, धर्मवती, अहम, विनीता, शिवानी सहित कई लोग बुखार से पीड़ित हैं।