कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भमौरी पट्टी में सोमवार सुबह देवेंद्र के चार वर्षीय बेटे अजीत की ट्रैक्टर के पहिये के नीचे दबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब देवेंद्र का छोटा भाई बजरपुर से भरे ट्रैक्टर-ट्राॅली को पीछे कर रहा था। इसी दौरान अजीत ने बैठने की जिद की थी।
देवेंद्र अपने पांच भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनकी ही शादी हुई है। चार वर्ष पहले जब अजीत का जन्म हुआ, तो परिवार में काफी खुशी मनाई गई थी। अजीत की दादी ऊषा का सबसे ज्यादा लाडला था। देवेंद्र के सभी छोटे भाई भी अजीत की सारी जिद पूरी करते थे।
इसलिए ही उसके जिद करने पर ट्रैक्टर पर उसको बैठाया गया था। अचानक से हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशी को मातम में बदल दिया। ग्रामीणों ने बताया कि आठ दिन पहले देवेंद्र की बेटी के जन्म होने पर काफी खुशी थी। अब बेटे की मौत से परिवार सदमें में है।
सुधा अपने बेटे अजीत की काफी देखभाल करती थीं। अजीत सुबह के समय जब घर से निकलकर बाहर गया तो वह चाचा के पास जाने की बात कहकर गया था। इसलिए किसी ने ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद जब बेटे का शव सुधा ने देखा तो वह बेसुध हो गईं। देर शाम तक सुधा बेटे को याद कर बेसुध होती रहीं।