पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी है। एक आरोपी को बवाल के समय ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उसका गुरुवार को चालान किया गया। चौधरीसराय क्षेत्र पुलिस की छावनी बना हुआ है। पुलिस और पीएसी मुस्तैद है। एसपी ने भी मौके पर हालात का जायजा लिया।
अजमेर शरीफ से लौट रहे कुंदरकी निवासी कई जायरीन का बुधवार को रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर के लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद हुई मारपीट से आक्रोशित संभल के लोगों ने बुधवार को चौधरी सराय में जाम लगाने के बाद शाम को सात से रात दस बजे तक बवाल किया था। इस दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी थी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए आंसू गैस छोड़ने के साथ फायरिंग की थी। आधे घंटे तक चले बवाल में सीओ समेत 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। कोतवाली पुलिस ने कोतवाल सुरेंद्र सिंह यादव की तहरीर पर आठ लोगों को नामजद करते हुए 150-200 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी बालेंदु भूषण सिंह ने बताया कि सरायतरीन के मंगलपुरा निवासी सिराजपुत्र मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।
आरोपी घर छोड़कर भागे ः संभल। पुलिस टीमों ने बुधवार को रात और गुरुवार को सुबह आरोपियों की तलाश में दबिश दी, लेकिन कोई हत्थे नहीं चढ़ सका। बवाल में शामिल लोग घर छोड़कर कर भाग गए। पुलिस ने बुधवार को बवाल के बाद चौधरी सराय, मोहल्ला नाला, कोट गर्बी में सुरक्षा व्यवस्था के एहतियाती इंतजाम किए हैं। इन मोहल्लों में पुुलिस ने तीन-चार गाड़ियां घूम रहीं हैं।
कमालपुर के 50 ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संभल। जायरीन की ओर से संभल कोतवाली संभल में कमालपुर गांव के 50 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसमें किसी का नाम नहीं खोला गया है लेकिन बलवा, लूट और मारपीट करने का आरोप है। इसके वादी कुंदरकी के हाथीपुर गांव निवासी जायरीन तजम्मुल हैं। इनकी ओर से कहा गया गया है कि 23 नवंबर को शाम 5.30 बजे के करीब जब उनका कंटेनर अजमेरशरीफ की जियारत करके लौट रहा था।
कमालपुर गांव में सड़क के किनारे बोरिंग हो रही थी। इसी बोरिंग के पास उनके कंटेनर को रोका गया। शीशा तोड़ा गया। विरोध करने पर मारपीट की गई। लूटपाट की गई। उनके आरोप के मुताबिक दाढ़ी भी नोची गई। महिलाओँ से अभद्रता भी की गई। तजम्मुल के मुताबिक उन्हें जिंदा जलाने का भी प्रयास किया गया था। पुलिस अधीक्षक बालेंदु भूषण ने बताया कि तहरीर के आधार पर बलवा, मारपीट और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रजपुरा थाने में जायरीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, चार नामजद
रजपुरा/गवां(संभल)। रजपुरा थाने में चार लोगों नामजद करते हुए कुल आठ जायरीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। यह रिपोर्ट कमालपुर निवासी भगवान सिंह ने दर्ज कराई है। भगवान सिंह पुत्र बुलाकी ने कंटेनर चालक व जायरीनों पर उन्हें, मूर्ति देवी और बेटे मनोज को पीटने का आरोप लगाते हुए कुंदरकी क्षेत्र के हाथीपुर निवासी शकील पुत्र नौशे , तजम्मुल पुत्र रहीश, गुफरान पुत्र अबरार, मन्नान पुत्र साबिर व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
यह लोग हुए हैं नामजद
संभल। पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट में मुस्लिम किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इनामुर्रहमान खां निवासी मियां सराय, चौधरी मुशीर खां पुत्र शेर अली निवासी चौधरी सराय, शानू पुत्र अनवार निवासी चौधरी सराय, बबलू उर्फ गटुआ कुरैशी निवासी मोहल्ला नाला, मोहम्मद सिराज पुत्र मोहम्मद इस्लाम निवासी मंगलपुरा तकिया सरायतरीन, वसीम पुत्र समी हसन निवासी मोहल्ला बदायू दरबाजा, मोहम्मद असद पुत्र शादाब खां निवासी मोहल्ला दबायू दरबाजा, अहसान पुत्र इसाद हुसैन निवासी हिंदूपुरा खेड़ा को नामजद किया गया है। इसके अलावा 150-200 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है जिनके नाम विवेचना के दौरान खोले जाएंगे।