चंदौसी(संभल)। तहसील के गांव जनेटा में दरगाह की भूमि की जांच करने गए तहसील प्रशासन को दरगाह परिसर में स्थित मदरसे में अवैध अस्पताल चलता मिला। प्रशासन को देख कर अस्पताल स्टाफ मौके से भाग निकला। प्रशासन ने नरौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक व डिप्टी सीएमओ डॉ. विश्वास अग्रवाल को मौके पर बुला कर जांच कराने के बाद अस्पताल सील कर दिया।
बता दें कि जनेटा दरगाह की भूमि को लेकर जांच की जा रही है। मंगलवार को एसडीएम निधि पटेल, तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरगाह से सटी तालाब की भूमि की पैमाइश कराई। 40 बीघा भूमि कब्जा मुक्त कराई। जबकि तालाब की 100 बीघा से अधिक भूमि बताई जा रही है। दरगाह में जांच के दौरान परिसर में संचालित मदरसे में एक अस्पताल संचालित मिला। टीम को देख अस्पताल स्टाफ मौके से खिसक लिया। एसडीएम ने डिप्टी सीएमओ व नरौली सीएचसी प्रभारी डॉ. विश्वास अग्रवाल को सूचना दी। वह तत्काल टीम के साथ मौके पहुंचे। मौके से एलोपैथिक और यूनानी दवाओं का जखीरा मिला। जिनमें काफी दवाएं एक्सपायरी डेट की थीं। जिससे अस्पताल को सील कर दिया।