भाजपा की राज्यमंत्री गुलाब देवी के प्रधानमंत्री को अवतार बताने वाले बयान पर सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री को अवतार बताकर अपना कद और रुतबा बढ़ाना चाहती हैं राज्यमंत्री। इसलिए वह चमचा गिरी वाली बात कर रही हैं।
बृहस्पतिवार को सांसद ने अपने दीपा सराय स्थित आवास पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा की राज्यमंत्री ने अपना कद और रुतबा बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री को अवतार बताया है। यदि वह अवतार मानती हैं तो अपने पद से इस्तीफा देकर प्रधानमंत्री की पूजा पाठ करने लगे। आगे कहा कि कोई भी किसी को अवतार मानता है तो वह उसकी पूजा करे। दिल्ली के मुख्यमंत्री द्वारा नोटों पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी के फोटो लगाने की मांग को सांसद ने गलत बताया है। कहा है कि यह सियासी मांग है। नोटों पर फोटो गांधी जी का है और वही लगा रहना चाहिए।