मोबाइल फोन न देने पर युवक को ब्लेड मारकर घायल कर दिया गया। घायल की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव बहापुर पट्टी निवासी महिला विमला पत्नी प्रेमपाल सिंह ने तहरीर देकर बताया कि 4 मई को शाम के समय उसका बेटा कृष्ण प्रताप सिंह गांव शमसोई से घर आ रहा था। तभी गांव के ही एक युवक ने उसके बेटे से मोबाइल फोन मांगा। बेटे ने मोबाइल फोन देने से मना किया तो आरोपी युवक उसके बेटे के साथ झगड़ा करने लगा। इस बीच आरोपी ने उसके बेटे की गर्दन पर ब्लेड से वार किया। इससे युवक घायल हो गया। आरोपी युवक के साथ दो अन्य लोग भी थे। प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि महिला की तहरीर पर गांव के ही आरोपी युवक सलमान व दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है।