रजपुरा के गांव रामपुर खादर में आकाशीय बिजली गिरने से जले मकान को देखते लोग।
- फोटो : SAMBHAL
गवां(संभल)। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खादर में आकाशीय बिजली गिरने से चार झोपड़ी नुमा मकानों में आग लग गई। इसमें लोगों की करीब 22 हजार रुपये नकदी समेत एक लाख रुपये का सामान जल कर राख हो गया। दरअसल, बुधवार शाम पांच बजे के करीब तेज हवा के बाद हुई बारिश में तेज गड़गड़ाहट के साथ गांव रामपुर खादर निवासी पप्पू, हुकुम सिंह, फूलसिंह और मोहन लाल के झोपड़ी नुमा मकानों पर आकाशीय बिजली गिरने से आग लग गई। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से ग्रामीण सहम गए। उसी समय तेज लपटों के साथ लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसमें फूलसिंह की मकान में रखी 17 हजार रुपये की नकदी और आठ क्विंटल गेहूं, पप्पू की झोपड़ी में भरा 20 कुंतल भूसा, कपड़े, व अन्य सामान, हुकुम सिंह की झोपड़ी में रखे पांच हजार रुपये की नकदी, 12 क्विंटल गेहूं, कपड़े, मोहनलाल की झोपड़ी में रखे आठ क्विंटल गेहूं, 10 क्विंटल सरसों, चांदी की पायल आदि सामान जल कर राख हो गया। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। पीड़ित के पड़ोसी पप्पू यादव बताया सभी पीड़ित गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।