संभल। शराब पीने का विरोध करने पर महिला का पति से विवाद हुआ और इसी विवाद के चलते महिला की मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें महिला के पति और दो ननदों को आरोपी बनाया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
बुधवार को हयातनगर थाना पुलिस ने सरायतरीन के मोहल्ला बरखेरियान निवासी नबी हसन को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में जेल भेजा है। मंगलवार को आरोपी नबी हसन की पत्नी सीमा (34) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला था। महिला के मायके वालों ने हत्या कर शव लटकाने की बात कही। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पति नबी हसन, ननद कमर जहां और फूल जहां के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई।
महिला के मायके वालों का कहना है कि आरोपी पति शराब पीने का आदि है। शराब पीने का विरोध करने पर ही मारपीट करता था। मंगलवार को हत्या कर शव लटका दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।