चंदौसी। कोतवाली इलाके के लक्ष्मणगंज निवासी तरन्नुम ने पति पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर तलाक दिया गया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मणगंज निवासी तरन्नुम ने बताया कि उसकी शादी मोहल्ला सीकरी गेट निवासी युवक से बीते साल 15 मई को हुई है। उसके पिता ने शादी में 25 लाख रुपये खर्च किए। इसके बाद भी ससुराल वाले और दहेज की मांग करते रहे। आरोप है कि दो जनवरी को पीड़िता ने अपने भाई वसीम और मां को ससुराल बुलाया। यहां भाई ने ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करते रहे। जब परिवार वालों ने पांच लाख रुपये देने में असमर्थता जताई तो गुस्से में पति ने तीन तलाक दे दिया। जिसके बाद वह अपने भाई के साथ मायके चली गई। सोमवार को पीड़िता का पति मायके पहुंचा और विवाहिता को भेजने को कहा, जब विवाहिता ने इंकार किया तो आरोपी गाली-गालौज करने लगा। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।