बहजोई। कोतवाली पुलिस ने दहेज के लिए महिला की हत्या किए जाने के मामले में पति समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीते दिनों जिला अमरोहा के थाना रहरा के गांव जमुनो की मढ़ैय्या निवासी महिला माया की दहेज के लिए हत्या किए जाने के मामले में पति अशोक व पति के बहनोई राकेश को गांव श्रीनगर कनैटा से गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि बीती 20 दिसंबर 2020 की शाम साढ़े छह बजे करीब अशोक अपनी पत्नी माया को घायल अवस्था में सीएचसी में उपचार के लिए लेकर पहुंचा था। सीएचसी में महिला माया (25) को मृत घोषित कर दिया गया था। वहीं पति की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई थी कि एक ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे पत्नी घायल हुई और उसकी मौत हो गई। बावजूद इसके जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मायके वालों को हादसे में महिला की मौत होना संदिग्ध लगा और महिला के भाई की ओर से पति व एक अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए एफआइआर दर्ज कराई गई थी।