चंदौसी। बिजली विभाग में संविदा से हटाई गई दो महिला कर्मचारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार की सुबह एसई कार्यालय पर भूख हड़ताल पर बैठ गई। उनके साथ अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। दोपहर में एसई व एक्सईएन ने धरनास्थल पर पहुंच वापस काम पर रखे जाने का आश्वासन दिया और जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई।
दो माह पूर्व विद्युत विभाग की संविदा कर्मचारी मंजू पाल व सुरैया खान को उनके पद से हटा दिया गया। बुधवार को दोनों महिला कर्मचारी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने-अपने डिवीजन के साथियों के साथ अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर सुबह दस बजे भूख हड़ताल पर बैठ गई। दोपहर को अधीक्षण अभियंता इंदुपाल सिंह व अधिशासी अभियंता डीसी शर्मा को भूख हड़ताल के विषय में जानकारी हुई तो दोनों अधिकारी भूख हड़ताल स्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने दोनों महिला संविदा कर्मचारियों को संबंधित बिजलीघरों पर पुन: नौकरी पर रखने का आश्वासन दिया। इसके बाद मंजूपाल व सुरैया को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त करा दी। इस अवसर पर अभिनंदन शर्मा, प्रेमपाल प्रजापति, देव्रेत शर्मा, नितिन पाराशर, मोनू शर्मा, जुनेद, अजय पाठक, राहुल माथुर, सुनील कुमार, रामपाल आदि मौजूद रहे।