चंदौसी। स्टेशन रोड पर एसएम इंटर कॉलेज के गेट के सामने लगी कपड़ों की फड़ पर सोमवार की दोपहर अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। तार नीचे गिरते ही चिंगारी उठने से वहां भगदड़ मच गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है। उधर से गुजर रहे एसडीएम ने फोन से बिजली अधिकारियों को सूूचित कर बिजली का तार जुड़वाया।
स्टेशन रोड पर एसएम इंटर कॉलेज के गेट के सामने कुछ लोग कपड़े व अन्य घर के जरुरी सामान की फड़ लगाकर बेचते हैं। गर्मी से बचने के लिए ठेके व फड़ के ऊपर डंडे लगाकर पन्नी की छत बना रखी है। सोमवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि फड़ के ऊपर बनी छत पर तार अटक गया।
तार का दूसरा सिरा जमीन पर गिर पड़ा। जमीन पर गिरते ही तार में चिंगारी उठने लगी। यह देखकर वहां भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि कोई तार की चपेट में नहीं आया। उसी दौरान एसडीएम रामकेेश धामा वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने तुरंत ही बिजली अधिकारियों को फोन करके आपूर्ति बाधित कराई और तार जोड़ने के लिए कहा। कुछ ही देर में बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और टूटे तार को जोड़कर सही किया।