नीम का पेड़ गिरने से एचटी लाइन टूटी, दस मोहल्लों की बिजली आपूर्ति 13 घंटे रही बाधित
चंदौसी (संभल)। चंदौसी में माल गोदाम रोड पर बुधवार की रात करीब एक बजे एचटी लाइन पर नीम का पेड़ गिर गया। इससे लाइन के तीन खंभे भी टूट गए और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दस मोहल्लों की करीब 40 हजार की आबादी प्रभावित हुई। रात में लोगों को गर्मी की समस्या से जूझते रहे। मोहल्ला स्टेशन, रोड, सुभाष रोड, मुंसिफ रोड, शहीद भगत सिंह कालोनी, आवास विकास, मोहल्ला जोगियान, लाठी बाजार, बैंक रोड, फव्वारा चौक, गोलागंज के लोग बृहस्पतिवार की सुबह उठे तो पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। सुबह के समय लोग बिना स्नान किए स्कूल, कॉलेज आफिस के लिए गए। खाने, रसोई की जरुरत के पानी के लिए लोग गली मोहल्लों में लगे हैंडपंपों पर निर्भर रहे। दोपहर तक गर्मी से लोग पसीना रहे। रात में लोगों के इंवर्टर जवाब दे गए। आधी रात के लोग जागते रहे। कुछ मोहल्लों की आपूर्ति शाम चार बजे सुचारू हो सकी। बिजली सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। विद्युत नगर के एसडीओ अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि रात में लाइन पर नीम का पेड़ गिर गया था। इससे तीन खंभे भी टूट गए थे। पूरी लाइन बदलनी पड़ी। रात में ही बिजली कर्मचारी काम पर लग गए। दोपहर दो बजे बिजली सुचारु करा दी गई।
स्टेशन रोड के दीपू रजौरिया ने बताया कि बच्चों को स्कूल के लिए तैयार कर आना था। लेकिन पानी ना आने से बिना नहाए बच्चों को स्कूल भेजना पड़ा। मोहल्ला जोगियान के स्वर्ण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीने का पानी व अति आवश्यक कार्यो के लिए हैंडपंप का सहारा ही रहा। हैंडपंप पर भी पानी के लिए लाइन लगानी पड़ी। स्टेशन रोड निवासी ओम प्रकाश का कहना है कि रात में बिजली आपूर्ति बाधित होने से इंवर्टर भी जबाव दे गए थे। गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। आधी रात के बाद नींद नहीं आई, दिन भर गर्मी से परेशान रहे।