असमोली (संभल)। मानसून के साथ आई तेज बारिश आफत बनकर बरस रही है। बृहस्पतिवार की सुबह में बारिश से संभल तहसील क्षेत्र के गांव फिरोजपुर में तालिब का मकान ढह गया तो बेला में विजयपाल के मकान का बरामदा ढह गया। इन दोनों स्थानों पर मलबे में दबने से आठ लोग घायल हुए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उप जिलाधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने फिरोजपुर गांव पहुंचकर मकान गिरने की जानकारी ली है।
बेला गांव के निवासी विजयपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह में बारिश हो रही थी। उनके परिवार में दो बेटे हैं, मनु और अनु। दोनों बाहर रहते हैं। मनु की शादी हो गई है, उसके चार बच्चे हैं, जो गांव में ही रहते हैं। बारिश के दौरान सोकर उठे तो चाय बनाने की तैयारी हो रही थी। इसी बीच मकान का बरामद अचानक भरभराकर गिर गया। इसके मलबे में मनु की पत्नी भारती, उसका बेटा प्रिंस, यश, यती और वंश दब गए। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और बमुश्किल मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। चारों बालक घायल हुए। जबकि फिरोजपुर गांव में तालिब का कच्चा मकान गिर गया। इसमें दबने से तालिब की पत्नी सबरीन, फजलेहद, नूरे शिफा, अबूजर घायल हुए।
तालिब हादसे के वक्त खेत पर गए हुए थे। लौटे तो मकान गिरा हुआ था और बच्चों को मलबे से बाहर निकालने में आसपास के लोग लगे हुए थे। बमुश्किल मासूम बालकों को बाहर निकाला गया। उप जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे लोगों को उपचार किया। इसके अलावा गांव शफातनगर में रोहताश, सुरेंद्र सिंह की दीवार गिर गई। जगह-जगह जलभराव हो गया और कीचड़ फैल गई। इससे निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।