संभल। संभल जिले में शनिवार को शाम 11 नए कोरोना संक्रमित निकल आने के बाद जनपद की स्थिति बदल गई है। शनिवार को पूरी रात स्वास्थ्य विभाग की टीमें दौड़ती रहीं। इन 11 कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए 60 लोगों को अलग-अलग स्थान से स्वास्थ्य विभाग की टीमें अपने संग लेकर आईं हैं। कोरोना की जांच के लिए इनके नमूने लिए गए और अब सभी को क्वारंटीन किया गया है। साथ ही पांच नए हॉट स्पॉट रविवार को बनाए गए।
जिले में हॉट स्पॉट की संख्या 19 हो गई है। पुलिस और प्रशासन ने सभी हॉट स्पॉट में बैरिकेडिंग कराई है। आने-जाने वाले रास्ते बंद करा दिए गए हैं। अब आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कंटेनमेंट प्लान बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सबसे अधिक 20 लोगों को पाठकपुर से क्वारंटीन किया है। इसमें पाठकपुर के चौकी इंचार्ज और रसोई समेत छह पुलिस कर्मी हैं। पाठकपुर पुलिस चौकी के दो सिपाही शनिवार को कोरोना संक्रमित निकले हैं। इन सिपाहियों के संपर्क में रहे 14 ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम लेकर आई है। संभल की नई बस्ती में आजादपुर मंडी से ट्रक में सवार होकर आए विद्यार्थी के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद 16 लोग लाए गए हैं। इसमें विद्यार्थी के परिवार और मित्रों के साथ उस ट्रक का चालक भी है जिसमें वह बैठकर वह संभल आया था।
चंदौसी के रायसत्ती मोहल्ले का निवासी वार्ड ब्वॉय कोरोना संक्रमित निकला था। उसके परिवार और संपर्क वाले के छह सदस्यों को कोरोना की जांच के लिए लाया गया है। नोएडा से पत्नी के साथ आए मेडिकल स्टोर कर्मी के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद उसके गांव सेवड़ा जसरथनगला से छह लोगों को लाया गया है। सभी की कोरोना जांच होगी। पाठकपुर पुलिस चौकी का सिपाही चंदौसी की आवास विकास कालोनी का निवासी है। इसलिए इस कालोनी में उसके संपर्क में रहे 11 लोग क्वारंटीन किए गए हैं।
यह हैं नए हॉट स्पॉट
सुभाष रोड, रायसत्ती, चंदौसी।
आवास विकास कालोनी, चंदौसी।
सेवड़ा जसरथनगला, असमोली।
शहबाजपुराकला, असमोली।
नई बस्ती, संभल।
संभल जिले के कोरोना आंकड़े
कुल नमूने लिए गए- 2681
अब तक प्राप्त रिपोर्ट-2458
कोरोना संक्रमित- 51
कोरोना संक्रमित की मौत- 02
कोरोना संक्रमित उपचार में- 29
कोरोना से जंग जीतने वाले-20
निगेटिव आए-2246
नमूनों की रिपोर्ट लंबित-220
नमूने रिजेक्ट हुए-167
(रविवार को भेजे गए सैंपल 134)