धनारी। कस्बे में चल रहे ध्वजा मेला ड्यूटी में थाने से ड्यूटी जाते समय होमगार्ड हरिशंकर (52) के सीने में अचानक तेज दर्द उठने लगा। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। होमगार्ड की मौत से परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
गुन्नौर के मोहल्ला जुलेपुरा निवासी होमगार्ड हरिशंकर की थाना धनारी में ड्यूटी चल रही है। उनकी ड्यूटी थाने से कस्बे में चल ध्वजा मेले में लगाई गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह वह थाने से रवानगी लेकर ध्वजा मेले में ड्यूटी पर जा रहे थे। थाने से गांव धनारी को जाते समय हाईवे पर बस्ती में ही उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठने लगा। उन्होंने फोन पर ही परिजनों को सीने में दर्द उठने की शिकायत की। सूचना पर कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंच गए और उन्हें वहां से लेकर सीएचसी बहजोई पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया कि हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है। घटना की सूचना थाना धनारी को दी गई। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक होमगार्ड के पांच बेटे व दो बेटियां हैं। इनमें दो बेटे व एक बेटी की शादी कर दी गई है। मृतक की पत्नी राममृर्ति का रो- रोकर बुरा हाल है।