संभल। हयातनगर थाने में शनिवार की शाम 6:30 बजे हाईटेंशन लाइन टूटने से कबाड़ वाहनों में आग लग गई। आग लगने पर थाने में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक 15 कबाड़ वाहन जल गए।
शनिवार की शाम हयातनगर थाने के पिछले हिस्से के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन अचानक टूटकर कबाड़ वाहनों पर गिर गई। जिससे वाहनों में आग लग गई। वाहनों में आग लगने से पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगाें के साथ आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। जिस पर उच्चाधिकारियों के साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर पर पहुंची दमकल की दो टीमों ने एक घंटे बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक 15 कबाड़ वाहन जल गए। थाना प्रभारी चमन सिंह ने बताया कि जिन वाहनों में आग लगी है, वह कबाड़ की स्थिति में थे। और पुराने मुकदमों में बंद थे। आग हाईटेंशन लाइन टूटने के चलते लगी है। कबाड़ वाहनों के अलावा दूसरा कोई नुकसान नहीं हुआ है। दमकल टीम के प्रभारी बाबूराम ने बताया कि आग भीषण आग लगी थी। तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन को बंद कराया गया। दो गाड़ियों से आग पर काबू पाया जा सका।