शुक्रवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल की अंग्रेजी और इंटर की कंप्यूटर, शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति व अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा पहली पारी में जिले के 77 परीक्षा केंद्रों पर हुई। इस पारी में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में संस्थागत पंजीकृत 26,690 में से 24,869 और व्यक्तिगत पंजीकृत 82 में 70 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें 1821 संस्थागत और 12 व्यक्तिगत परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। इसी पारी में इंटर की कंप्यूटर, शस्य विज्ञान, कृषि वनस्पति व अर्थशास्त्र की परीक्षा में संस्थागत पंजीकृत 444 में से 419 और एक व्यक्तिगत विद्यार्थी ने परीक्षा दी। वहीं नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पहली पारी में हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। वहीं परीक्षा केंद्रों से अंग्रेजी का पेपर देकर लौटे 10 वीं के छात्र- छात्राओं ने बताया कि अंग्रेजी का प्रश्नपत्र आसान आया। पाठ्यक्रम से अलग कुछ नहीं था, जिस कारण पेपर को हल करने में कोई परेशानी नहीं हुई।
00
- अंग्रेजी विषय का प्रश्नपत्र निर्धारित समय में आसानी से हल हो गया। इसमें अच्छे नंबर मिलने की पूरी उम्मीद है।- लूबना खान, छात्रा हाईस्कूल
- बहुविकल्पीय प्रश्न काफी आसान आए। लेकिन ग्रामर थोड़ी मुश्किल रही। लेकिन कुल मिलाकर पेपर सामान्य ही रहा।- अलशिफा, छात्रा हाईस्कूल
- लघु उत्तरीय प्रश्न याद किए हुए आए, सिलेबस के बाहर कुछ भी नहीं आया।- स्वाति, छात्रा हाईस्कूल
- जिन प्रश्नों को तैयार किया था, वह सभी प्रश्नपत्र में आने से काफी खुशी हुई। इससे अंग्रेजी में अच्छे नंबर आने की पूरी उम्मीद है।- रीता, छात्रा हाईस्कूल