संभल। संभल शहर में इन दिनों भारी वाहनों का आवागमन हो रहा है। इसके कारण बृहस्पतिवार को पूरे दिन शहर में जाम लगा रहा। जिले के यातायात प्रभारी कहते हैं कि ऐसा लगता है दिल्ली जाने वाले भारी वाहन नेशनल हाईवे-24 पर पड़ने वाले टोल टैक्स बचाने के चक्कर में वाया संभल होकर जा रहे हैं।
यूं तो शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जिला प्रशासन पूरा दम भर रहा है। इसके लिए कई बड़े बदलाव भी किए गए। चंदौसी चौराहे पर डिवाइडर भी लगवाए गए। यही नहीं, भारी वाहनों का नगर में प्रवेश बंद किया गया। वहीं, दूसरी ओर वाहनों की पार्किंग के लिए भी नियम बनाए जाने का दावा है। लेकिन हालात अब भी वही पुराने हैं। सड़कों पर जहां जाम के हालात हैं तो वहीं, वाहनों के लिए पार्किंग न होने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को यह स्थिति दिनभर बनी रही। जिले के यातायात प्रभारी प्रमोद मान ने बताया कि यातायात की समस्या से निपटने के लिए पूरा प्रयास है। इस संबंध में जरूरी कदम भी उठाए जा रहे हैं।